मुंबई |
एक तरफ दाऊदी बोहरा समुदाय में छोटी बच्चियों के खतने के खिलाफ आवाजें बुलंद हो रही हैं और दूसरी तरफ 6 बोहरा महिलाएं इस प्रथा को बढ़ावा दे रही हैं। इन 6 महिलाओं में दो डॉक्टर हैं। इन महिलाओं ने महिला खतने का सपॉर्ट करने के लिए दाऊदी बोहरा विमिन फॉर रिलीजस फ्रीडम(DBWRF) नाम का ग्रुप बनाया है।
देश के चिकित्सकीय और कानूनी हलकों में जहां महिला खतना चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं दो डॉक्टरों का इसे बढ़ावा देना चिंता का विषय बन गया है। इंडियन मेडिकल असोसिएशन(IMA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि इन डॉक्टरों पर कार्रवाई की जा सकती है।
DBWRF ग्रुप में शामिल दोनों डॉक्टर मुंबई के सैफी अस्पताल में प्रैक्टिस करती हैं। इस ग्रुप के फाउंडर मेंबर्स में से एक, डॉक्टर फातिमा जेतपुरवाला ने कहा, ‘ग्रुप का गठन मुख्यधारा की दाउदी बोहरा महिलाओं को आवाज देने के लिए किया गया है। हमारा मानना है कि संविधान के तहत जो गलत न हो और जो करने से किसी को कोई नुकसान न हो, वह काम करने का हमें अधिकार है। हमें ऐसे किसी कानून की जरूरत नहीं, जो किसी अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाता हो।’